(News129) पिरान कलियर।
नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी किस्तों और नामित सभासदों की भूमिका को लेकर जमकर चर्चा हुई। बैठक में जहां विकास कार्यों समेत करीब 114 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए, वहीं नामित सभासदों के प्रस्ताव बोर्ड बैठक में शामिल किए जाने पर निर्वाचित सभासदों ने लिखित आपत्ति दर्ज कराते हुए सवाल खड़े किए। सभासदों ने अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों की अनदेखी का मुद्दा उठाकर नाराजगी भी जताई।

बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष समीना की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क निर्माण, जल निकासी, पथ प्रकाश व्यवस्था, सिंचाई विभाग की भूमि की लीज और ई-रिक्शा से होने वाली वसूली पर रोक लगाने समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। सभासद दिलबाग त्यागी, राशिद रहीस और रेशमा परवीन ने वार्डों में विकास कार्यों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 1286 आवासों की लंबित किस्तों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।

सभासदों ने सवाल उठाया कि योजना के लाभार्थियों को उनकी रुकी हुई किस्तें आखिर कब तक मिलेंगी। बैठक में बताया गया कि योजना के तहत करीब 80 प्रतिशत लाभार्थियों को पहली किस्त, जबकि 15 प्रतिशत को दूसरी और तीसरी किस्त तथा पांच प्रतिशत लाभार्थियों को अंतिम किस्त जारी की गई थी। इसके बाद 25 अक्टूबर को किस्तों पर रोक लगने की बात सामने आई। वहीं योजना के दूसरे चरण में 958 आवासों की स्वीकृति प्रक्रिया बंद होने का मामला भी उठाया गया।उधर, बैठक में नामित सभासदों के प्रस्ताव शामिल किए जाने को लेकर भी विवाद की स्थिति सामने आई। निर्वाचित सभासदों ने इस पर लिखित शिकायत देकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि बोर्ड बैठक में प्रस्तावों को शामिल किए जाने की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।
114 प्रस्तावों को मिली मंजूरीअधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि बोर्ड बैठक में करीब 114 प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें मंजूरी दे दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी किस्तों को लेकर शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। योजना के दूसरे चरण का कार्य शुरू कर दिया गया है और पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर शासन को भेजी जा रही है। नामित सभासदों के प्रस्ताव भी सभी की सहमति से शामिल किए गए हैं।
अध्यक्ष समीना ने बताया कि बैठक में सभी प्रस्ताव सभासदों की सहमति से पारित किए गए हैं। बैठक में अध्यक्ष प्रतिनिधि सलीम अहमद, सत्तार अहमद, जावेद साबरी, डॉ. शहजाद अली, रहीश अहमद, गुलफाम साबरी, राशिद अली, मुर्सलीन उर्फ बाबा, श्याम सिंह, अकरम खान और शमीम साबरी मौजूद रहे।