न्यूज 129 कलियर।
कलियर-धनोरी मार्ग पर भूमाफिया के हौसले बुलंद हैं। सिंचाई विभाग की नहर पटरी को कथित तौर पर काटकर और खुर्द-बुर्द कर उस पर मिट्टी डालकर अवैध रास्ते बनाए जा रहे हैं। आरोप है कि सरकारी जमीन पर कब्जे की इस कोशिश के जरिए कॉलोनियों तक पहुंचने के रास्ते तैयार किए जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि एक ओर सिंचाई विभाग नहर पटरी से अतिक्रमण हटाकर बाउंड्रीवॉल बनाने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर भूमाफिया विभाग की जमीन को ही निशाना बना रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नहर पटरी को काटकर निजी रास्ते बनाने का खेल विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। लोगों ने सिंचाई विभाग के कुछ कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।
सवाल यह भी है कि विभाग की संपत्ति पर खुलेआम छेड़छाड़ होती रही और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी?मामले में सिंचाई विभाग के एसडीओ अनुज बंसल ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में है। जिन लोगों ने सिंचाई विभाग की पटरी को काटकर निजी रास्ते बनाए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और अवैध रूप से बनाए गए रास्ते बंद कराए जाएंगे।