एनएसजी : झबरेड़ा 21 अप्रैल। झबरेड़ा क्षेत्र के लखनोता-देवबंद मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। देवबंद की ओर जा रही एक ट्रैक्टर-बोगी और सामने से आ रही बाइक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक देवबंद की ओर से आ रहे थे, तभी लखनोता चौकी के पास उनकी टक्कर ट्रैक्टर-बोगी से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भगवानपुर के ग्राम रूहालकी निवासी शुभम (20 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया।
वहां उपचार के दौरान रूहालकी निवासी भोलू (21 वर्ष) की भी मृत्यु हो गई। वहीं, तीसरे युवक आदित्य निवासी जैनपुर, लंढौरा का उपचार अभी जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है।
