वार्ड तीन और चार में कूड़े के ढेर से लोगों का जीना मुहाल, महिलाओं ने कूड़े की गाड़ी रोककर किया हंगामा

News:-129

पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर में सफाई व्यवस्था की बदहाली और जिम्मेदार अधिकारियों की कथित लापरवाही का खामियाजा वार्ड तीन और चार के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मोहल्लों में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर और उठती दुर्गंध से परेशान लोगों का सब्र सोमवार को जवाब दे गया। बस्ती में कूड़ा डालने पहुंची नगर पंचायत की कूड़े से भरी गाड़ी को महिलाओं और स्थानीय लोगों ने रास्ते में ही रोक लिया।

इसके बाद नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। विरोध बढ़ता देख सफाई कर्मचारी कूड़े से भरी गाड़ी लेकर वापस लौट गए।स्थानीय महिलाओं मुन्नी, छोटी, रेशमा, सन्नो, आजाद त्यागी, तस्लीम त्यागी और अनीश, इंतजार शाह सहित अन्य लोगों का आरोप है कि वार्ड तीन और चार में लंबे समय से सफाई व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। बस्ती के आसपास लगातार कूड़ा डाले जाने से जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं।

इस संबंध में नगर पंचायत के अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि अधिशासी अधिकारी की कार्यप्रणाली और सफाई व्यवस्था की अनदेखी के चलते नगर पंचायत क्षेत्र में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।सबसे चिंताजनक स्थिति बस्ती के पास स्थित कॉलेज के मार्ग की है। यहां कूड़े के ढेर लगे होने से छात्र-छात्राओं को रोजाना गंदगी और दुर्गंध के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की लचर व्यवस्था का खामियाजा अब मोहल्ले के लोगों के साथ विद्यार्थियों को भी भुगतना पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के बजाय यदि इसी तरह आबादी के बीच कूड़ा डाला जाता रहा तो हालात और बदतर हो सकते हैं।सोमवार को महिलाओं ने कूड़े से भरी गाड़ी रोककर नगर पंचायत के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया।

इतना ही नहीं, लोगों ने दीवार पर ‘नगर पंचायत शर्म करो, कूड़ा हटाओ, मोहल्ला बचाओ’ लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि वार्ड तीन और चार की आबादी तथा कॉलेज मार्ग के आसपास कूड़ा डालने पर तत्काल रोक लगाई जाए और पहले से जमा कूड़े का उठान कराया जाए। लोगों ने साफ कहा कि अब बस्ती को कूड़ाघर नहीं बनने दिया जाएगा।

अधिशासी अधिकारी का पक्ष: नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि बरसात के दौरान रास्ता खराब होने के कारण कुछ लोगों ने वहां कूड़ा डाल दिया था। अब रास्ता दुरुस्त हो गया है। नगर पंचायत की ओर से कूड़ा नियमित रूप से निर्धारित स्थान पर ही डाला जा रहा है।