News:129-हरिद्वार।
रोड़ीबेलवाला स्थित पिंक वेंडिंग जोन के कार्यों में तेजी लाने को लेकर नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। बुधवार को नगर आयुक्त नंदन कुमार ने पिंक वेंडिंग जोन का निरीक्षण कर निर्माण एवं व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए, ताकि वेंडर्स को जल्द ही व्यवस्थित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
वेंडर्स से किया संवाद, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार ने वेंडर्स से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने आश्वासन दिया कि वेंडर्स की समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिंक वेंडिंग जोन में जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए गंभीरता से काम किया जाए, जिससे यहां व्यावसायिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
स्वच्छता बनाए रखने की अपीलनगर आयुक्त ने वेंडर्स से अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिंक वेंडिंग जोन को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी वेंडर्स कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही डालें और नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य वेंडर्स को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र में व्यवस्थित व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है। इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों और वेंडर्स के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
ये अधिकारी रहे मौजूदनिरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, आकाश कुमार और शिव सिंह चौहान सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।