NEWS 129 | हरिद्वार
यूपी बॉर्डर पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, चिड़ियापुर चौकी के नए भवन का लोकार्पणएसएसपी नवनीत सिंह ने पूजा-अर्चना के बाद किया उद्घाटन, अपराधियों की घुसपैठ रोकने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में मिलेगी मदद
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे चिड़ियापुर में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में नई पहल की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को थाना श्यामपुर क्षेत्रांतर्गत चिड़ियापुर पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। हाईवे पर स्थित यह चौकी सीमावर्ती क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है।
चौकी के नए भवन के उद्घाटन के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने परिसर का निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
चिड़ियापुर चौकी उत्तर प्रदेश की सीमा से सटी होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से अहम है। यहां पुलिस की बेहतर व्यवस्था होने से सीमा क्षेत्र में निगरानी मजबूत करने, शातिर अपराधियों की आवाजाही पर नजर रखने और हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
नवनिर्मित भवन के लोकार्पण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। स्थानीय लोगों ने नई पुलिस चौकी के भवन को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी दीपक कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा सहित थाना श्यामपुर का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।