मायापुर हेड रेगुलेटर पर चला महा सफाई अभियान, 8 टन कूड़ा हटाया

न्यूज 129 | हरिद्वार। गंगा बंदी के दौरान नगर निगम हरिद्वार की ओर से स्वच्छता अभियान चलाकर डाम कोठी के निकट स्थित मायापुर हेड रेगुलेटर की सफाई की गई। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने करीब आठ टन कूड़ा-कचरा एकत्र कर प्लांट तक पहुंचाया, जहां उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था की गई।

नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में नगर निगम के करीब 60 सफाई कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। टीम ने रेगुलेटर क्षेत्र में जमा कूड़े-कचरे को हटाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की। गंगा बंदी के दौरान गंगा क्षेत्र, घाटों, रेगुलेटरों और आसपास के स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्यों की नियमित निगरानी करने और कूड़े का समय पर संग्रहण कर उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंगा क्षेत्र की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी!

अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार, पर्यावरण पर्यवेक्षक सलेख चंद सहित नीरज, बलराम, दीपक, प्रदीप और विक्रांत समेत नगर निगम के कर्मचारी शामिल रहे। नगर निगम की ओर से गंगा बंदी के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर शहर और गंगा क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने की कार्रवाई की जा रही है।