News129:-पिरान कलियर।
कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र की धनौरी चौकी के अंतर्गत तेलीवाला मार्ग पर मंगलवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने घायल बालक को रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम धनौरी निवासी दिनेश (30) मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे कार्तिक नाम के बालक के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान तेलीवाला के निकट सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दोनों हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही धनौरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया है। वहीं, अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।