मलबे में दबा PAC जवान, पुलिस ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला; गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
धनोरी। धनोरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलेज परिसर में ठहरी पीएसी की एक प्लाटून के दौरान बाथरूम की ओर बनी बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कॉलेज परिसर में पीएसी के जवान ठहरे हुए थे। बिल्डिंग का हिस्सा गिरने के बाद एक पीएसी जवान के मलबे में दबे होने की सूचना सामने आई। मलबे में जवान के दबे होने की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही कलियर कोतवाल कमल मोहन भंडारी पुलिस फोर्स के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों और अन्य जवानों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे पीएसी जवान आदिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जवान की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल जवान का उपचार जारी है।
हादसे के बाद पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और बिल्डिंग के क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थिति का जायजा लिया। हादसा किस वजह से हुआ और भवन का निर्माण कितना पुराना है, इसकी भी जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि पुलिस की तत्परता से मलबे में दबे जवान को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। संबंधित अधिकारियों द्वारा भवन की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच किए जाने की बात सामने आ रही है।