विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

पिरान कलियर। नगर पंचायत कलियर के वार्ड-दो में बृहस्पतिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और नायब तहसीलदार सुशील कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की।

जानकारी के अनुसार सराय ज्वालापुर निवासी पूनम की करीब छह वर्ष पहले बेडपुर निवासी विकास से शादी हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को पूनम ने संदिग्ध परिस्थितियों में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। सीओ सुमित पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।