बिना अनुमति आम के पेड़ काटकर ले जा रहे थे लकड़ी, वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी

पिरान कलियर। कलियर क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए इमलीखेड़ा स्थित एक बाग से बिना अनुमति आम के पेड़ों की लकड़ी काटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में ले जाई जा रही करीब 15 कुंतल लकड़ी पकड़ी है। कार्रवाई वन दरोगा इंद्रजीत की टीम ने सूचना के आधार पर की।बताया गया कि टीम ने आम की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर चालक से लकड़ी से संबंधित अनुमति और कागजात मांगे, लेकिन चालक मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद वन विभाग ने लकड़ी सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेते हुए ट्रैक्टर को सीज कर दिया और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ केस काटने की कार्रवाई की।वन विभाग की टीम अब इस बात की जांच कर रही है कि बाग से आम के पेड़ों की कटाई किसकी अनुमति से और किन परिस्थितियों में की गई। जांच के दौरान बाग स्वामी की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।

कलियर क्षेत्र में बढ़ रही अवैध कटाई की शिकायतें स्थानीय लोगों का कहना है कि कलियर क्षेत्र के आसपास बागों और अन्य स्थानों पर चोरी-छिपे पेड़ों की कटाई की शिकायतें सामने आती रहती हैं। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अवैध रूप से पेड़ों की कटाई पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि हरे-भरे पेड़ों को अवैध कटान से बचाया जा सके।