हरिद्वार, 48 घंटे में 35 लाख का चोरी हुआ ट्रक बरामद, दो शातिर गिरफ्तार

News:-129 हरिद्वार।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को महज 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में चोरी की वारदात कबूल करते हुए ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र में जंगल की झाड़ियों के बीच छिपाकर रखना बताया।

जानकारी के अनुसार 24 अगस्त 2026 को श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित माइनिंग चेक पोस्ट से 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 104/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तेजी से सुरागरसी करते हुए 31 अगस्त को दो संदिग्धों शहजाद परवेज और हबीब खां को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ट्रक चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए ट्रक को उन्होंने गैण्डीखाता क्षेत्र में गुर्जर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते के पास जंगल में झाड़ियों के बीच छिपा रखा है।इसके बाद उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर जंगल की झाड़ियों के पास से लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक बरामद कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से ट्रक की नंबर प्लेट भी हटा दी थी।बरामदगी के दौरान पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 105 के प्रावधानों का पालन करते हुए ई-साक्ष्य एप के माध्यम से पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की। ट्रक के चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन किया गया, जो चोरी हुए वाहन से संबंधित पाया गया।

ट्रक बरामद होने के बाद मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 317(2), 3(5) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।गिरफ्तार आरोपीशहजाद परवेज (38) पुत्र अमीनुद्दीन, निवासी मोहल्ला मुगलुशाह, नजीबाबाद, बिजनौर।हबीब खां (55) पुत्र प्यारे खां, निवासी मोहल्ला किला, नजीबाबाद, बिजनौर।बरामदगीलाल रंग का 12 टायरा ओपन बॉडी ट्रक, अनुमानित कीमत करीब ₹35 लाख।

पुलिस की इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, उपनिरीक्षक मनोज रावत, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी, उपनिरीक्षक देवेन्द्र तोमर, अ0उ0नि0 रविन्द्र गौड़ समेत पुलिस टीम और एसओजी हरिद्वार के कांस्टेबल वसीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अपराधियों के मंसूबों पर पुलिस की मुस्तैदी भारी पड़ रही है। चोरी के वाहन की त्वरित बरामदगी से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।