News129:-हरिद्वार
श्यामपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 400 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चरस के अलावा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को चौकी प्रभारी लालढांग उपनिरीक्षक गगन मैठाणी पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। गैण्डीखाता बाजार से टाटवाला जाने वाले नहर पटरी मार्ग पर रवासन नदी पुल पार करने के बाद पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टाटवाला की ओर से एक मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर उसने अचानक बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन जल्दबाजी में बाइक अनियंत्रित हो गई। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राकेश पुत्र कालू सिंह, निवासी दूधियावाला/टाटवाला, थाना श्यामपुर, हरिद्वार, उम्र करीब 40 वर्ष बताया। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान उसकी नीले रंग की लोअर की जेब से काले रंग की थैली बरामद हुई। जांच और तौल में थैली के अंदर 400 ग्राम चरस मिली, जबकि पन्नी सहित कुल वजन 404 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने बरामद चरस को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील कर दिया। इसके साथ ही आरोपी के कब्जे से होंडा स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल संख्या UK08AA7487 और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने चरस को गांव से थोड़ा-थोड़ा करके एकत्र करने और उसे गैण्डीखाता मार्केट में बेचने के लिए ले जाने की बात बताई है। पुलिस इस संबंध में आरोपी द्वारा बताए गए तथ्यों की भी जांच कर रही है।
आरोपी राकेश के खिलाफ धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी लालढांग उपनिरीक्षक गगन मैठाणी, हेड कांस्टेबल शेर सिंह, कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद और कांस्टेबल मनमोहन सैनी शामिल रहे।