News129:-पिरान कलियर पिरान कलियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली कलियर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बढ़ेड़ी राजपुताना निवासी नफीस की बजाज CT-100 मोटरसाइकिल संख्या UK17L-5423 कलियर टीन शेड से चोरी हो गई थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तत्काल वाहन की तलाश शुरू की।कोतवाल कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर धनौरी एनआईसी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान आशिक पुत्र शौकत, निवासी महमूदपुर, थाना कलियर के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दैनिक खर्चों और नशे की पूर्ति के लिए बाइक चोरी कर उसे बेचने के लिए ले जा रहा था। रास्ते में मोटरसाइकिल खराब होने पर वह उसे पैदल ले जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुनव्वर हुसैन और हेड कांस्टेबल 271 इसरार अली शामिल रहे।