हरिद्वार,कलियर में अस्पतालों की भरमार पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, साबरी क्लीनिक सील

News/129 हरिद्वार

रुड़की/पिरान कलियर। रुड़की क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को छापेमारी कर निजी चिकित्सालयों में चल रही व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान विभिन्न अनियमितताएं सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने ममता नर्सिंग होम, जनता नर्सिंग होम और शुक्ला क्लीनिक को सील कर दिया। वहीं पिरान कलियर क्षेत्र में आस्था नर्सिंग होम की ओटी सील करने के साथ ही ग्रांट हाजरा स्थित साबरी क्लीनिक को भी सील कर दिया गया।स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई को लेकर कलियर क्षेत्र में खासा हड़कंप देखने को मिला।

कलियर क्षेत्र और आसपास लगातार नए-नए नर्सिंग होम व क्लीनिक खुलने के बीच विभाग की इस कार्रवाई ने निजी चिकित्सा संस्थानों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार कार्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर के निर्देश पर सहायक अधिकारी डॉ. राव के नेतृत्व में निरीक्षण दल ने कार्रवाई की। टीम में प्रशासनिक अधिकारी अंशु तोमर और जूनियर असिस्टेंट सोहेल शामिल रहे।

छापेमारी के दौरान कई चिकित्सालयों में स्वास्थ्य विभाग के पास उपलब्ध चिकित्सकों की सूची के अनुसार संबंधित चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं मिले। इसके अलावा अन्य व्यवस्थाओं में भी अनियमितताएं पाए जाने के बाद विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित संस्थानों को सील किया।कलियर क्षेत्र में आस्था नर्सिंग होम की ओटी और ग्रांट हाजरा में साबरी क्लीनिक सील किए जाने की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अब कलियर क्षेत्र में संचालित अन्य निजी अस्पतालों और क्लीनिकों की व्यवस्थाओं पर भी निगाहें टिक गई हैं।