news 129:-पिरान कलियर उर्स
पिरान कलियर। दरगाह हजरत साबिर-ए-पाक के 758वें सालाना उर्स के दौरान इस बार लगातार हो रही बारिश ने मेले की व्यवस्थाओं के साथ-साथ झूला ठेकेदार की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण झूला ग्राउंड में जगह-जगह पानी भरने के साथ दलदल की स्थिति बन गई है। ऐसे में झूले सुचारु रूप से नहीं चल पा रहे हैं और मेले में पहुंच रहे जायरीन व श्रद्धालु झूलों का लुत्फ नहीं उठा पा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि झूला ठेकेदार ने इस बार 35 लाख रुपये से अधिक में ठेका लिया है, जिस पर 18 प्रतिशत जीएसटी भी देनी है। लेकिन उर्स के दौरान लगातार बारिश होने के कारण झूले अपेक्षित रूप से नहीं चल सके। बारिश रुकने पर भी मैदान में जमा पानी और कीचड़ के चलते झूला संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे ठेकेदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अभी भी बारिश का दौर जारी रहने से स्थिति और चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। झूला ग्राउंड के चारों ओर पानी जमा होने और दलदल बनने से जायरीनों का वहां पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। ठेकेदार का कहना है कि उसने लाखों रुपये खर्च कर मेले में झूले लगाए हैं, लेकिन मौसम की मार के कारण कारोबार प्रभावित हो गया है।
अधिकारियों से मदद की उम्मीदमेले की मौजूदा स्थिति को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि दरगाह मेला प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर झूला ग्राउंड से पानी की तत्काल निकासी की व्यवस्था कराएं, ताकि मैदान को दोबारा उपयोग के लायक बनाया जा सके।
साथ ही लगातार बारिश से हुए नुकसान को देखते हुए झूला ठेकेदार की परेशानी पर भी मानवीय दृष्टिकोण से विचार किया जाए।बारिश से परेशान ठेकेदार की उम्मीद अब मेला प्रशासन की त्वरित मदद और पानी निकासी की व्यवस्था पर टिकी है, ताकि उर्स के शेष दिनों में जायरीनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और ठेकेदार को भी कुछ राहत मिल सके।