News 129:- पिरान कलियर
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स में जियारत के लिए पहुंचे एक परिवार पर उस समय मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा, जब 19 वर्षीय युवक गंगनहर में नहाते समय तेज बहाव में बह गया। युवक के लापता होने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सेलाकुई, देहरादून निवासी आरिस (19) 27 अगस्त को अपने दोस्तों के साथ दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स में आया था। आज सुबह करीब करीब आठ बजे दरगाह में जियारत करने के बाद वह कलियर नई गंगनहर में नहाने चला गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।देखते ही देखते आरिस गंगनहर के तेज बहाव में बह गया। साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना के बाद परिजनों को सूचना दी गई।युवक के पिता असलम ने थाना पिरान कलियर में प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी और गंगनहर में युवक की तलाश कराने की मांग की है।
पुलिस स्तर से युवक की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद उर्स मेले में आने वाले जायरीनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।