15 अगस्त और मेहंदी डोरी की रस्म से पहले पुलिस- पैरामिलिट्री का शक्ति प्रदर्शन

News 129

पिरान कलियर। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त और दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स की मेहंदी डोरी की रस्म से पहले कलियर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। शुक्रवार को सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स ने मेला क्षेत्र में विशाल फ्लैग मार्च निकाला।

भारी संख्या में सुरक्षा बलों की मौजूदगी से पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश दिया गया।फ्लैग मार्च दरगाह क्षेत्र, मुख्य बाजार, पीपल चौक, हज हाउस रोड, दरगाह पहाड़ी बाजार सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने आमजन, दुकानदारों और जायरीनों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

मेहंदी डोरी की रस्म और 15 अगस्त को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। उर्स में देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने के मद्देनजर पुलिस एवं पैरामिलिट्री बल को मेला क्षेत्र में तैनात किया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किया तो होगी कड़ी कार्रवाई : सीओ, सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय ने स्पष्ट कहा कि उर्स और स्वतंत्रता दिवस के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की ओर से अराजकता फैलाने, अफवाह फैलाने और माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मेहंदी डोरी की रस्म और उर्स को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। मेला क्षेत्र में लगातार गश्त, निगरानी और चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।फ्लैग मार्च में पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री जवान मौजूद रहे। भारी सुरक्षा बल के फ्लैग मार्च से मेला क्षेत्र में सुरक्षा का मजबूत संदेश गया