अतीक साबरी:-कलियर।
दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। बुधवार को हज हाउस परिसर में पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर उन्हें ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उर्स मेले के दौरान करीब 500 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। पूरे मेला क्षेत्र को 13 सेक्टर और चार जोन में बांटा गया है।ब्रीफिंग में रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, एसपी देहात शेखर चंद सुयाल समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने जवानों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था में दो कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स, एक कंपनी पीएसी, तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और डॉग स्क्वायड भी तैनात रहेगा।

मेला कोतवाल कमल मोहन भंडारी संभालेंगे सुरक्षा की कमान758वें उर्स मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की अहम जिम्मेदारी मेला कोतवाल कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में रहेगी। कोतवाल भंडारी ने ब्रीफिंग के दौरान जवानों को निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहें। भीड़भाड़ वाले स्थानों, संदिग्ध गतिविधियों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के साथ ही जायरीनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा गया।अधिकारियों ने कहा कि उर्स में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने और सभी टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में सीओ भगवानपुर सुमित पांडे, सीओ मंगलौर अभय चौधरी, सीओ रुड़की ओसिन जोशी, तहसीलदार विकास अवस्थी समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जवानों से उर्स मेले को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने का आह्वान किया।