नगर आयुक्त ने लिया नालों और घाटों की सफाई का जायजा: जलभराव न हो, घाटों पर अतिक्रमण हटाने के दिए सख्त निर्देश_

—_NSG:- News129 हरिद्वार__

मानसून को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कमर कस ली है। आज दिनांक 04 जुलाई 2026 को नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार ने शहर के प्रमुख नालों और गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

__निरीक्षण की शुरुआत भूपतवाला क्षेत्र में आरटीओ चौक के पास स्थित नाले से हुई। इसके बाद नगर आयुक्त ने निष्काम ट्रस्ट के समीप नाले की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी नालों की नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात में जल निकासी सुचारु रहे और जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

नाला निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने हर की पैड़ी, सुभाष घाट, बिरला घाट और विष्णु घाट का भी भ्रमण किया। उन्होंने घाटों पर चल रही सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया और मुख्य सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि घाटों पर नियमित रूप से सफाई कार्य कराया जाए। साथ ही घाट क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाकर उन्हें स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जाए, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को कोई असुविधा न हो।

__इस अवसर पर उप नगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक श्री संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक श्री धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।__नगर आयुक्त ने कहा कि आगामी त्योहारों और कांवड़ मेले को देखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।_