कलियर, नाक की हड्डी तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार, कलियर पुलिस ने दबोचा

NSG:- news 129

पिरान कलियर। बेड़पुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई खूनी मारपीट के मामले में कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित पक्ष पर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया था। इस हमले में पीड़ित के भाई की नाक की हड्डी टूट गई, जबकि स्वयं पीड़ित का हाथ भी फ्रैक्चर हो गया था। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल 2026 को बेड़पुर निवासी मोहम्मद रिहान पुत्र सनाउल्लाह ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया था कि मोहसिन अली पुत्र शमीम अहमद और उसके साथियों ने जानलेवा हमला कर मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई।

सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी मोहसिन अली पुत्र शमीम अहमद निवासी ग्राम बेड़पुर को नया पुल कलियर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

अन्य आरोपितों की तलाश तेज पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

पुलिस अधिकारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट ने बताया कि मारपीट के मामले में फरार चल रहे मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।