Haridwar Viral News हरिद्वार. प्रेम संबंध को लेकर पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। भगवानपुर क्षेत्र के हाल्लू माजरा गांव में एक युवक की उसके मामा ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक मुसीद निवासी रोलाहेड़ी निवादा, थाना कलियर, करीब एक वर्ष पहले अपनी मामा की बेटी के साथ घर से चला गया था। दोनों हाल्लू माजरा गांव में रह रहे थे। हाल ही में आरोपी मामा, जो मुजफ्फरनगर का रहने वाला बताया जा रहा है, को उनकी लोकेशन मिल गई।
बताया जा रहा है कि मामा हाल्लू माजरा पहुंचा, जहां मुसीद से उसका विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान आरोपी ने मुसीद के पेट में चाकू मार दिया और मौके से फरार हो गया।

घायल मुसीद को भगवानपुर पुलिस ने तत्काल रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।