कलियर,शादी का झांसा देकर युवती का वर्षों तक शोषण करने का आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

NSG:-news129

पिरान कलियर/हरिद्वार।बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली एक युवती ने पिरान कलियर क्षेत्र के एक युवक पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

शिकायत के अनुसार, बिहार निवासी अस्मा पुत्री मोहम्मद अकबर का आरोप है कि पिरान कलियर थाना क्षेत्र के शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला निवासी शाबान अली वर्ष 2019 से उसके संपर्क में था। आरोपी ने प्रेम संबंध बनाकर शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर कई वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता का कहना है कि बाद में उसे जानकारी मिली कि आरोपी ने किसी अन्य युवती से विवाह कर लिया है।

जब वह अपने परिजनों के साथ आरोपी के घर पहुंची और शादी को लेकर बातचीत की, तो आरोपी एवं उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की तथा उसे एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उससे जबरन एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर भी कराए गए।युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना रखे हैं तथा उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी उसे पिरान कलियर स्थित एक होटल सहित विभिन्न स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म करता रहा।पीड़िता ने एसएसपी हरिद्वार से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, सुरक्षा प्रदान करने तथा कथित अश्लील वीडियो और फोटो की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।