हरिद्वार, कांवड़ यात्री को गोली मारने वाले 4 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, कनखल पुलिस ने घंटों में किया खुलासा”

NSG News129 हमेशा सच के साथ।

“गोली मारने की घटना का कनखल पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात डायल-112 पर सूचना मिली कि कांवड़ लेकर लौट रहे एक युवक को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से जल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास 6-7 बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। मामूली विवाद के दौरान एक युवक ने कांवड़ यात्री अजय पुत्र नरेश निवासी पानीपत (हरियाणा) पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया।घायल अजय को पुलिस और उसके साथियों की मदद से तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिवराज पुत्र जबर सिंह को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित हिरासत में ले लिया। इसके अलावा फरार चल रहे आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी संभावित ठिकानों पर दबिश देकर हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।