Haridwar Viral News विष्णुघाट से पांच माह की बच्ची चोरी, सम्भल से आया था परिवार

Haridwar Viral News विष्णुघाट से पांच माह की मासूम बच्ची चोरी, सम्भल से आया था परिवार

रात को घाट पर सो रहा था परिवार

Haridwar Viral News धर्मनगरी हरिद्वार के विष्णुघाट से पांच माह की एक मासूम बच्ची के चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस महकमे में भी हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी है और घाट क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

जानकारी के अनुसार संभल जिले के ग्राम खानपुर सराय, थाना गढ़ी निवासी पुष्पेंद्र पुत्र विजय सिंह अपने परिवार के साथ हरिद्वार घूमने आया था। गुरुवार रात वह अपनी पत्नी, अन्य परिजनों और पांच माह की बेटी गौरी के साथ विष्णुघाट पर रुका हुआ था। बताया जा रहा है कि रात के समय मासूम गौरी अपने माता-पिता के बीच सो रही थी।

शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब परिजनों की आंख खुली तो बच्ची वहां नहीं मिली। पहले तो परिवार ने सोचा कि बच्ची आसपास होगी, लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के घाटों, गलियों तथा सार्वजनिक स्थानों पर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को उठाकर ले गया है।

कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। घाट क्षेत्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके। साथ ही आसपास के लोगों और दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया है। बच्ची की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।