श्यामपुर पुलिस ने दबोचा नशे का बड़ा सौदागर, करोड़ों की चाहत में तस्करी कर ला रहा गांजा बरामद!

अतीक साबरी:-हरिद्वार।

जनपद में नशे के सौदागरों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ को कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी के साथ आगे बढ़ाया है। कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा के कुशल नेतृत्व में श्यामपुर पुलिस ने एक शातिर और बड़े नशा तस्कर को दबोचने में सफलता हासिल की है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया है। यह तस्कर पिकअप वाहन के जरिए नशे की इस बड़ी खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में था, जिसे पुलिस की मुस्तैदी ने नाकाम कर दिया।​

मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में श्यामपुर पुलिस टीम लगातार संदिग्धों और नशा तस्करों पर पैनी नजर रखे हुए है। इसी सिलसिले में दिनांक 26 मई 2026 को चौकी प्रभारी चंडीघाट उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल, कांस्टेबल अनिल रावत और कांस्टेबल राजवीर सिंह की टीम नहर पटरी चंडीघाट के पास चेकिंग पर मुस्तैद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब संदेह के आधार पर वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की और सीट के बगल में रखे प्लास्टिक के कट्टे के बारे में सवाल किया, तो चालक बुरी तरह सकपका गया। चालक के चेहरे पर हवाइयां उड़ती देख पुलिस का शक गहरा गया। जब पुलिस टीम ने कट्टे की सघन तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में अवैध भांग पत्ती (गांजा) बरामद हुई।

कट्टे से कुल 07.110 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसे देख पुलिस के भी कान खड़े हो गए।​राजफाश होने पर आरोपी चालक ने पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कुबूला कि वह कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के लालच में इस बड़े पैमाने पर गांजे की तस्करी कर रहा था। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके जुर्म और एनडीपीएस एक्ट की धाराओं से अवगत कराया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए शातिर तस्कर की पहचान मोहम्मद आकिल उर्फ शान बाबा (उम्र 55 वर्ष) पुत्र शबीर, निवासी मौहल्ला खग्गू सराय, लदनियो वाली मस्जिद के पास, कोतवाली सम्भल, जनपद सम्भल, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली श्यामपुर में मु0अ0स0-60/2026 धारा 8/20/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। गिरफ्तार किए गए इस बड़े नशा तस्कर को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने साफ किया है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसी सख्त कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।