हरिद्वार सड़क हादसे में युवती की मौत, बोलेरो कार ने मारी टक्कर, पढ़े नाम

रोशनाबाद सरकारी अस्पताल के पास बोलेरो ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर

हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित सरकारी अस्पताल के पास रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह एक नई बोलेरो कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय ई-रिक्शा में चालक समेत चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे सभी लोग घायल हो गए।

घायलों में ई-रिक्शा चालक सुधीर कुमार निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर, शिवांशु निवासी देवपुरा चौक, राधिका पत्नी विकास और दीपा शामिल थीं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मेट्रो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपा को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।