दरगाह में अवैध उगाही का मामला: रंगे हाथ पकड़े जाने के एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं,
आरोपी कर्मी कर रहा ड्यूटी-प्रशासनिक दावों की खुली पोल, रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट भेजने की बात पर अब तक नहीं हुआ कोई एक्शन
पिरान कलियर रुड़की। पिरान कलियर दरगाह में जायरीनों से अवैध उगाही का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। करीब एक माह पहले औचक निरीक्षण के दौरान एक सफाई दरगाह कर्मी को जायरीनों से अवैध वसूली करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था। इस मामले में मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार युसूफ अली ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था। उस समय तहसीलदार ने पत्रकारों को स्पष्ट रूप से बताया था कि आरोपी कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को भेजी जा रही है।लेकिन इस घटना को एक महीना बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बड़े दावों के विपरीत, आरोपी दरगाह कर्मी के खिलाफ अब तक अवैध उगाही का कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि रंगे हाथ पकड़ा गया यह कर्मी वर्तमान में भी दरगाह कार्यालय में शान से अपनी ड्यूटी दे रहा है।इस ढुलमुल रवैए के बाद अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
आखिर किसके संरक्षण में यह आरोपी कर्मी दरगाह में बेखौफ होकर डेरा डाले हुए है और इसके खिलाफ अब तक कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दरगाह के कई कर्मियों को अवैध उगाही के आरोपों में सेवामुक्त किया जा चुका है, लेकिन उनके खिलाफ भी कोई ठोस कानूनी या दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों और जायरीनों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि आखिर दरगाह प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारी ऐसे भ्रष्ट कर्मियों पर कार्रवाई करने से क्यों कतरा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि इस मामले में उच्च अधिकारी कब संज्ञान लेते हैं और आरोपी पर कब शिकंजा कसा जाता है।
