रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के एक शोधार्थी का शव रविवार शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में मंगलौर क्षेत्र के आसफनगर झाल से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मोहित कुमार पुत्र जवाहर लाल आर्य के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नैनीताल के रहने वाले थे।मिली जानकारी के अनुसार, मोहित कुमार आईआईटी रुड़की में इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में छठे सेमेस्टर के छात्र थे और कैंपस के कोटले भवन (Cautley Bhawan) हॉस्टल में रहते थे। बताया जा रहा है कि मोहित पिछले तीन दिनों से लापता थे, लेकिन इस संबंध में पुलिस को कोई औपचारिक सूचना या गुमशुदगी की तहरीर नहीं दी गई थी। रविवार शाम जब राहगीरों ने आसफनगर झाल में एक शव देखा, तो पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची मंगलौर कोतवाली पुलिस ने शव को बाहर निकाला और शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की, जिसमें मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक के हॉस्टल के कमरे की तलाशी ली, जहां से एक नोटबुक बरामद हुई है। इस नोटबुक में कुछ बातें लिखी गई हैं, जिसे पुलिस सुसाइड नोट के नजरिए से भी देख रही है। पुलिस ने नोटबुक को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि छात्र के लापता होने के बावजूद संस्थान या किसी अन्य स्तर पर पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों और हॉस्टल के अन्य छात्रों से भी पूछताछ कर रही है।
