पोस्टमार्टम रिपोर्ट में Anti Mortem Hanging आने के बाद निकाली गई कॉल डिटेल रिपोर्ट
हरिद्वार। निठारी कांड से चर्चा में आए अल्मोड़ा उत्तराखंड निवासी सुरेंद्र कोली की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का बड़ा अपडेट सामने आया है। डॉक्टरों के पैनल ने अपनी रिपोर्ट में मौत का कारण “Anti Mortem Hanging with Asphyxia” बताया है। प्रारंभिक निष्कर्षों के अनुसार सुरेंद्र कोली ने जीवित अवस्था में फांसी लगाई थी और उसकी मौत दम घुटने से हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन पर स्पष्ट लिगेचर मार्क (Ligature Mark) मिलने की पुष्टि हुई है, जो फांसी के दौरान फंदे के दबाव का संकेत माना जाता है। इसके साथ ही हायॉइड बोन (Hyoid Bone) और गले की संरचना में फ्रैक्चर के भी साक्ष्य मिले हैं। रिपोर्ट में पेटीचिया (Petechiae) यानी आंखों और चेहरे पर छोटे रक्तस्राव के निशान मिलने का भी उल्लेख किया गया है। वहीं नाक और मुंह से खून आने को भी फांसी के मामलों में संभावित चिकित्सीय लक्षण बताया गया है।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना से पहले के 72 घंटे की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। सूत्रों के अनुसार फुटेज में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी के संकेत नहीं मिले। घटना वाली रात करीब 8 बजे सुरेंद्र कोली अपनी दुकान के बाहर अकेले टहलता और चिंतित दिखाई दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस अब आत्महत्या के पीछे की वजहों की जांच में जुट गई है। इसके लिए सुरेंद्र कोली के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का अवलोकन किया जा रहा है और उसके अंतिम समय में संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस संबंध में कई लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

नगर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सुरेंद्र कोली की मौत आत्महत्या है हालांकि कोली ने आत्महत्या क्यों की इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। सीडीआर की रिपोर्ट के आधार पर लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।