पिरान कलियर में बिजली का हाहाकार: विभाग की लापरवाही से जनता बेहाल, मासूमों और बुजुर्गों का जीना मुहाल

अतीक साबरी:-​

अंधेरे में डूबा दरगाह क्षेत्र; रोस्टिंग के नाम पर घंटों कटौती, इन्वर्टर भी हुए पस्त, व्यापार ठप​पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों बिजली संकट ने विकराल रूप धारण कर लिया है। भीषण गर्मी के बीच विद्युत विभाग की घोर लापरवाही स्थानीय निवासियों और व्यापारियों पर भारी पड़ रही है। रोस्टिंग के नाम पर दिन-रात हो रही अघोषित कटौती ने लोगों का चैन छीन लिया है।

​मासूमों और महिलाओं का बुरा हाल:-आलम यह है कि तपती गर्मी में छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग घरों में कैद होकर रह गए हैं। बिजली न होने से उमस और गर्मी ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी बदतर है, जहाँ घंटों तक आपूर्ति ठप रहने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।​

व्यापार और पेयजल पर दोहरी मार:-बिजली की आँख-मिचौली का सीधा असर दरगाह मार्केट के कारोबार पर पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि बिजली न होने से दुकानों पर सन्नाटा पसरा है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। वहीं, बिजली गुल रहने से पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है, जिससे बूंद-बूंद पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। लगातार कटौती के कारण घरों और दुकानों में लगे इन्वर्टर भी अब जवाब दे चुके हैं।​

विद्युत विभाग की चुप्पी से बढ़ रहा आक्रोश:-स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारी मौन साधे हुए हैं। ग्रामीणों और व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया, तो वे विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे।