हरिद्वार आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर लक्सर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्टी के कई नेता खुलकर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में अंदरूनी प्रतिस्पर्धा और गुटबाजी भी सामने आने लगी है।
हरिद्वार के व्यापारी नेता और वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी ओम प्रकाश जमदग्नि इन दिनों लक्सर विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से खुद को भावी प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। उनके इस सक्रिय प्रचार-प्रसार से क्षेत्र की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।
वहीं दूसरी ओर, भाजपा से पूर्व विधायक संजय गुप्ता के समर्थक जिंदगनी की सक्रियता को सहजता से नहीं ले रहे हैं। समर्थकों का साफ कहना है कि “किसी भी बाहरी व्यक्ति को लक्सर में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उनका मानना है कि संजय गुप्ता का क्षेत्र में मजबूत जनाधार है और टिकट उन्हीं को मिलना चाहिए।

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में संजय गुप्ता को बसपा के उम्मीदवार मोहम्मद शहजाद से करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद उन्होंने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष और हरिद्वार के विधायक मदन कौशिक पर भीतरघात के आरोप लगाए थे। हालांकि, बाद के समय में संजय गुप्ता हरिद्वार में भी सक्रिय रहे, लेकिन उन्हें अपेक्षित स्थानीय समर्थन नहीं मिल पाया।
पिछले एक वर्ष से संजय गुप्ता एक बार फिर लक्सर में सक्रिय होकर अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। वहीं, जमदग्नि भी अपने निजी संस्थान जमदग्नि पब्लिक स्कूल’ के माध्यम से क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। वे पहले भी टिकट की मांग कर चुके हैं और इस बार अधिक मजबूती से अपनी दावेदारी जता रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम पर संजय गुप्ता ने संतुलित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता निष्ठावान हैं। “पार्टी जिसे भी मौका देगी और जनता जिसे पसंद करेगी, वही उम्मीदवार होगा। हम पार्टी के निर्णय के अनुसार कार्य करेंगे,” उन्होंने कहा।
लक्सर विधानसभा सीट पर बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और नेताओं के बीच उभरते मतभेद यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले चुनाव में यह सीट भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण बन सकती है।
