एनएसजी:-पिरान कलियर
पिरान कलियर (हरिद्वार)। हरिद्वार पुलिस की ‘ऑपरेशन प्रहार’ मुहिम के तहत पिरान कलियर पुलिस ने ग्राम महमूदपुर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे 11 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी की विशेष सतर्कता और सूझबूझ देखने को मिली, जिनकी त्वरित कार्रवाई ने गांव में होने वाले बड़े खूनी संघर्ष को समय रहते टाल दिया।
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत 22 अप्रैल की रात एक शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर हुई थी। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया। पुरानी चुनावी रंजिश के चलते दोनों पक्ष अगले दिन फिर से आमने-सामने आ गए और गांव का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।
जैसे ही सूचना मिली, इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी ने बिना वक्त गंवाए पुलिस फोर्स के साथ मौके पर धावा बोल दिया। उनकी सख्ती और मौके पर मौजूदगी के कारण उपद्रवी बैकफुट पर आ गए।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 07 महिलाओं और 04 पुरुषों (चांद खां, शिफत, तनवीर और दानिश) समेत कुल 11 लोगों को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि इन दोनों पक्षों का पुराना आपराधिक इतिहास है और पहले भी इनके खिलाफ शांति भंग के मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में गांव की स्थिति नियंत्रण में है और ऐहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी हरिद्वार के निर्देशों का पालन करते हुए इंस्पेक्टर भंडारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गुटबाजी, अशांति या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस सफल कार्रवाई में एसएसआई देवेंद्र सिंह तोमर, जमशेद अली, सोनू कुमार, प्रकाश मनराल और जितेंद्र सिंह सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। हरिद्वार पुलिस ने जनता से अपील की है कि कानून हाथ में लेने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके!
