कलियर पुलिस ने पेश की इंसानियत की मिसाल, रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश

अतीक साबरी:-​पिरान कलियर। समाज सेवा और मानवता की अटूट मिसाल पेश करते हुए थाना कलियर पुलिस द्वारा एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पुलिसकर्मियों ने अपनी ड्यूटी के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद का संकल्प लिया।​

बुधवार को थाना परिसर में आयोजित इस शिविर का नेतृत्व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी ने किया। उनके मार्गदर्शन में पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और बड़ी संख्या में यूनिट एकत्र कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। इस अवसर पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी ने कहा कि रक्तदान एक महान और पुनीत कार्य है, जिससे किसी का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पुलिस का कार्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि संकट के समय समाज की सेवा के लिए तत्पर रहना भी है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे इस पुण्य कार्य का हिस्सा बनें।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी सुरक्षा मानकों और आवश्यक जांच के बाद रक्त संग्रह किया। पुलिस की इस सराहनीय पहल की पूरे क्षेत्र में जमकर प्रशंसा की जा रही है और स्थानीय लोगों ने इसे एक प्रेरणादायक कदम बताया है।