​रुड़की: मंगलौर में कैप्सूल ट्रक ने बाइक को रौंदा, दो किशोरों की मौत, एक गंभीर घायल.

अतीक साबरी:-​ रुड़की। मंगलौर के पीरपुरा अंडरपास पर मंगलवार की देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हो गया। अब्दुल कलाम चौक की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित कैप्सूल ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में दो किशोरों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर जान चली गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर जमा हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।​मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक रुड़की के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जबरदस्तपुर गांव के रहने वाले थे।

देर रात वे बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी पीरपुरा अंडरपास के पास हरिद्वार की ओर जा रहे तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 16 वर्षीय अयान और 17 वर्षीय मोहम्मद रकीब की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 16 वर्षीय मोहम्मद साकिब गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे रुड़की के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।​हादसे की खबर जैसे ही जबरदस्तपुर गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया।

मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब ट्रक चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय अंडरपास के पास भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों का कारण बनती है। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और ट्रक को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।