NSG:- NEWS 129
पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर में पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से लगाए गए पेड़ों के नीचे लगे लोहे के जाल अब उन्हीं पेड़ों के लिए नुकसानदायक साबित हो रहे हैं। इस संबंध में वार्ड संख्या-06 की सभासद रेशमा परवीन (AAP) ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सभी पेड़ों से लोहे के जाल तत्काल हटाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि रुड़की रोड, दुर्गा मार्केट, तालाब किनारे सहित नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पेड़ों के तनों के चारों ओर लोहे के जाल लगे हुए हैं। समय के साथ पेड़ों के तने मोटे होने लगे हैं, जिससे ये जाल तनों में धंसते जा रहे हैं। इसके कारण पेड़ों की प्राकृतिक वृद्धि प्रभावित हो रही है और कई पेड़ क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में पहुंच रहे हैं।
सभासद रेशमा परवीन ने अधिशासी अधिकारी से मांग की है कि नगर पंचायत द्वारा लगाए गए सभी पेड़ों के नीचे लगे लोहे के जालों को जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि पेड़ स्वस्थ रह सकें और उनका विकास बिना किसी बाधा के हो सके।उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए लगाए गए पेड़ों की नियमित देखभाल भी नगर पंचायत की जिम्मेदारी है।
यदि समय रहते जाल नहीं हटाए गए तो भविष्य में कई पेड़ों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। ज्ञापन पर आवश्यक कार्रवाई की मांग करते हुए क्षेत्रवासियों के हित में शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया गया है।