अब मशीनों से चमकेंगे हरिद्वार के घाट, कांवड़ मेले से पहले नगर निगम की हाईटेक तैयारी

NSG NEWS 129

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में नगर निगम हरिद्वार ने एक अहम पहल की है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के विशेष प्रयासों से नगर निगम ने कोटक बैंक के सहयोग से घाटों की सफाई के लिए अत्याधुनिक स्क्रबर और ऑटोमैटिक स्वीपिंग मशीनों की व्यवस्था की है।

इन मशीनों के माध्यम से घाट क्षेत्रों की नियमित, त्वरित और उच्च गुणवत्ता वाली सफाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।इस विशेष पहल का शुभारंभ महापौर श्रीमती किरण जैसल ने किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और नगर निगम की प्राथमिकता है कि कांवड़ मेला-2026 एवं आगामी कुंभ मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनों के उपयोग से घाटों की सफाई पहले से अधिक तेज़, प्रभावी और बेहतर तरीके से होगी।इस अवसर पर उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, प्रोजेक्ट इंजीनियर योगेश मिश्रा, सफाई निरीक्षक आकाश कुमार सहित नगर निगम के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।नगर निगम हरिद्वार द्वारा कांवड़ मेले से पहले की गई यह व्यवस्था स्वच्छता प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इन अत्याधुनिक मशीनों से घाटों की सफाई अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होगी, जिससे हरिद्वार की धार्मिक गरिमा, स्वच्छता और सौंदर्य को नई मजबूती मिलेगी तथा कांवड़ यात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।