18 चोरी की बाइक बरामद, अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर गिरफ्तार

NSG:-NEWS 129

हरिद्वार। जनपद में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए मंगलौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनमें हरिद्वार के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा से चोरी की गई बाइकें भी शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार कोतवाली मंगलौर में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के दो मुकदमों की जांच के दौरान टीम ने करीब 521 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने 24 जुलाई 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पहले दो चोरी की बाइक बरामद हुईं, जबकि पूछताछ और निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 16 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीन पुत्र रईस तथा सोनू पुत्र अल्हादिया, निवासी ग्राम टांडा भनेड़ा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने हरिद्वार के मंगलौर, कलियर, भगवानपुर, झबरेड़ा और रुड़की के अलावा उत्तर प्रदेश के देवबंद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर तथा हरियाणा के पानीपत क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। इसके बावजूद पुलिस टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के जरिए दोनों को दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य जनपदों की पुलिस से भी समन्वय कर रही है, ताकि संबंधित मामलों का शीघ्र खुलासा किया जा सके।मंगलौर पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में वाहन चोर गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और भविष्य में भी ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा।