कलियर:-गरीब बेवा महिला के साथ लाखों की ठगी, ‘सीलिंग’ की जमीन पर बना मकान बेचकर हड़प लिए 11 लाख रुपये

अतीक साबरी:-​

पिरान कलियर:-एसएनजी:-आस्था की नगरी पिरान कलियर में मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहाँ सफेदपोश ठगों ने एक बेबस बेवा महिला की ज़िंदगी भर की कमाई पर गिद्ध दृष्टि डालकर उसे कहीं का नहीं छोड़ा। ‘अपना घर’ होने का सपना दिखाकर जालसाजों ने सरकारी (सीलिंग) की ज़मीन पर खड़ा मकान 11 लाख रुपये में बेच डाला। जब सरकारी नोटिस दरवाज़े पर चिपका, तब महिला को समझ आया कि उसके साथ कितना बड़ा ‘खूनी खेल’ खेला गया है।​

शातिर दिमाग और ‘सीलिंग’ का जाल​:-मामला पिरान कलियर के जवाई खेड़ा इलाके का है। पीड़िता फरीदा (पत्नी स्व. कल्लू) ने पुलिस को दी तहरीर में अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि आरोपी अहसान (पुत्र हबीब और उसके साथी ने उसे अपने जाल में फंसाया। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से सीलिंग की ज़मीन पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान खड़ा किया और उसे अपनी पुश्तैनी जायदाद बताकर फरीदा को 11 लाख रुपये में बेच दिया। भोली-भाली महिला ने पाई-पाई जोड़कर यह रकम ठगों के हवाले कर दी।

​जब सरकारी नोटिस ने उड़ाए होश:-​मकान पर कब्जा लेने के कुछ दिन बाद ही हकीकत का बम फूटा। जब शासन-प्रशासन के ‘बेदखली नोटिस’ मकान पर आने लगे, तो फरीदा के पैरों तले ज़मीन खिसक गई। ठगी का अहसास होने पर जब महिला ने आरोपी अहसान से अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी का ‘मसीहा’ वाला चेहरा उतर गया और अंदर का ‘गुंडा’ बाहर आ गया।​

गाली-गलौज और जान का खतरा:-​पीड़िता का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी अहसान और उसके साथी उसे सरेराह बेइज्जत कर रहे हैं। उसे न केवल गंदी-गंदी गालियां दी जा रही हैं, बल्कि मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। एक बेवा महिला अब अपनी जान और माल की सुरक्षा के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।​

बड़ा सवाल: आखिर इन ठगों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? क्या इन्हें कानून का खौफ नहीं या फिर इन्हें किसी सफेदपोश का संरक्षण प्राप्त है?​

पुलिस की रडार पर आरोपी: जाँच शुरू:-​कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच का पहिया घुमा दिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जाँच की जा रही है। ज़मीन के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और यह भी देखा जा रहा है कि इस खेल में और कितने लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।