सभासद नाजिम त्यागी की पहल लाई रंग, पिरान कलियर में 98 लोगों की आंखों की हुई जांच, 8 मरीज ऑपरेशन के लिए भर्ती

पिरान कलियर | NSG News 129

नगर पंचायत पिरान कलियर के सभासद नाजिम त्यागी की पहल पर गुरुवार को द हंस फाउंडेशन, बहादराबाद के सहयोग से अकरम त्यागी की बैठक में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से आंखों की जांच कराकर स्वास्थ्य संबंधी सलाह प्राप्त की।

द हंस फाउंडेशन की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने 98 लोगों की आंखों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान 8 मरीजों में मोतियाबिंद सहित गंभीर नेत्र रोग पाए गए, जिन्हें तत्काल ऑपरेशन के लिए अस्पताल भेजकर भर्ती कराया गया। वहीं अन्य मरीजों को मौके पर ही मुफ्त दवाइयां, चश्मे और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।

सभासद नाजिम त्यागी ने कहा कि क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से द हंस फाउंडेशन की टीम को पिरान कलियर बुलाया गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे जनहित और स्वास्थ्य संबंधी शिविर लगातार आयोजित कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके।

शिविर में डॉ. मोहित चौहान, कोऑर्डिनेटर प्रमोद नौटियाल, द हंस फाउंडेशन की टीम, अकरम त्यागी सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

क्षेत्रवासियों ने इस सराहनीय पहल के लिए सभासद नाजिम त्यागी और द हंस फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया।

✍️ NSG News 129 | जनता की आवाज़, हर खबर पर पैनी नज़र