तनवीर अली। 
हरिद्वार की बदहाल सफाई व्यवस्था और पटरी से उतरे नगर निगम को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर हल्ला बोलते हुए मेयर अनीता शर्मा के पति अशोक शर्मा पर नगर निगम के कार्यों में रोडा डालने का आरोप लगाया है। भाजपा के जिला महामंत्री विकास तिवारी ने कहा कि अशोक शर्मा ओछी राजनीति कर रहे हैं और खजाना भरे होने के बाद भी उल्टा सरकार पर दोष मढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के जनता ने मेयर अनीता शर्मा को चुना है उनके पति को नहीं और पति अशोक शर्मा अब मेयर बनकर निगम के कार्यों को पूरा नहीं होेने दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि निगम के पास इस समय करीब पच्चीस करोड रुपए का बजट है जो विभिन्न विकास कार्यों में प्रयोग में लाया जाना है। लेकिन एक माह का समय बीतने के बाद भी बोर्ड की मीटिंग नहीं बुलाई गई। बल्कि उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की तर्ज पर सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाकर अशोक शर्मा ओछी राजनीति का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की जनता को ज्यादा गुमराह नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने ये भी कहा कि अभी तक मेयर अनीता शर्मा की ओर से राज्य सरकार से किसी भी तरह की मदद नहीं मांगी गई है और जनता को गुमराह कर ये बताने का प्रयास किया जा रहा है कि सरकार कुछ नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने उनको चुना है और उन्हें सरकार के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम नगर निगम को हर मदद देने के लिए तैयार है और बजट जो भी दिया जाएगा उसकी जानकारी मीडिया को दी जाएगी। ताकि मेयर पति अशोक शर्मा जनता को बरगला ना सके। उन्होंने मेयर पति अशोक शर्मा को निगम कार्यों में हस्तक्षेप ना करने की सलाह दी।

 



