Uttarakhand Vigilance News
Uttarakhand Vigilance News बिजली चोरी के मुकदमे को निपटाने के बदले पंद्रह हजार रुपए की रिश्वत मांगने वाले दारोगा को उत्तराखण्ड विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। दारोगा अनवर अहमद उधम सिंह नगर के गदरपुर थाने में तैनात था।
जानकारी के अनुसार, दारोगा अनवर अहमद पर बिजली चोरी के एक मुकदमे को निपटाने के एवज में पैसे मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता से मामला रफा-दफा करने के लिए रिश्वत की मांग की गई थी। रमजान के पाक महीने में भी अनवर अहमद का ईमान डोल गया और वह 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय विजिलेंस के जाल में फंस गया।
Uttarakhand Vigilance News

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने गोपनीय जांच कर जाल बिछाया और तय योजना के तहत आरोपी दारोगा को रिश्वत की रकम लेते ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, उधम सिंह नगर और हरिद्वार जनपदों में हाल के दिनों में रिश्वतखोरी से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिस पर विजिलेंस की नजर लगातार बनी हुई है। विजिलेंस टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

