NPPL महिला अस्पताल ने बेघर महिला को नहीं किया भर्ती, गंगा घाट पर खुले में दिया महिला ने बच्ची को जन्म, कब टूटेगी सिस्टम की नींद

पति को साथ लाने की शर्त बताकर लौटाया, हरकी पैड़ी के सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे दिया बच्ची को जन्म; स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में

हरिद्वार के महिला अस्पताल का संचालन कर रही निजी कंपनी NPPL एक बार फिर विवादों में है। इस बार एक बेघर गर्भवती महिला को कथित तौर पर अस्पताल में भर्ती नहीं किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल से कथित रूप से लौटाई गई महिला ने हरकी पैड़ी स्थित सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म दिया। घटना ने न केवल महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, ज्योति नाम की महिला गंगा घाट के आसपास भीख मांगकर अपना गुजर-बसर करती है। गर्भवती होने के कारण उसे प्रसव के लिए अस्पताल की आवश्यकता थी। महिला का आरोप है कि जब वह महिला अस्पताल पहुंची तो NPPL के कर्मचारियों ने उसे भर्ती नहीं किया। कथित तौर पर उससे कहा गया कि जब तक उसका पति नहीं आएगा, तब तक उसे अस्पताल में भर्ती नहीं किया जाएगा। इसके बाद महिला को वापस लौटना पड़ा।

अस्पताल से लौटने के बाद ज्योति ने हरकी पैड़ी के सुभाष घाट पर ही बच्ची को जन्म दे दिया। खुले आसमान के नीचे प्रसव की जानकारी मिलने पर एक श्रद्धालु ने इंसानियत का परिचय देते हुए तत्काल एंबुलेंस को फोन किया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने भी महिला की मदद की। बाद में पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया। महिला के आरोपों ने स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता और जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहले भी विवादों में रही है NPPL, दो दिन पहले इलाज न मिलने पर हुआ था हंगामा

महिला अस्पताल का संचालन कर रही NPPL पर इससे पहले भी मरीजों और तीमारदारों की ओर से गंभीर शिकायतें सामने आती रही हैं। महज दो दिन पहले भी एक तीमारदार ने मरीज को उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया था। आए दिन डॉक्टरों की उपलब्धता, मरीजों को उपचार न मिलने और उन्हें एम्स ऋषिकेश व देहरादून रेफर किए जाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।

गर्भवती महिलाओं से जांच के नाम पर वसूली के आरोप

अस्पताल में गर्भवती महिलाओं से अल्ट्रासाउंड और खून की जांच के नाम पर पैसे लिए जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत मिलने वाली सुविधाओं के बावजूद यदि गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए अपनी जेब से पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं, तो यह व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही पर बड़ा सवाल है।

पांच गर्भवती महिलाओं की मौत के मामलों पर भी उठे सवाल

महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सबसे गंभीर सवाल उन मामलों को लेकर उठ रहे हैं, जिनमें अब तक पांच गर्भवती महिलाओं की मौत होने की बात सामने आई है। इन घटनाओं के बाद स्वास्थ्य विभाग की जांच और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि हर बार जांच के बाद जिम्मेदारों को क्लीन चिट दे दी जाती है, लेकिन व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं देता।

NPPL के सुपरवाइजर पर छेड़छाड़ का मामला भी आया था सामने

NPPL से जुड़ा विवाद केवल इलाज और अस्पताल प्रबंधन तक सीमित नहीं रहा है। पूर्व में महिला तीमारदारों के साथ कंपनी के एक सुपरवाइजर द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला भी सामने आया था। आरोपित सुपरवाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। उसे हिस्ट्रीशीटर अपराधी बताए जाने को लेकर भी सवाल उठे थे। इसके बावजूद कंपनी के कामकाज और अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर सवाल बरकरार हैं।

आखिर कब जागेगा स्वास्थ्य विभाग?

सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे एक बेबस गर्भवती महिला का प्रसव होना केवल एक महिला की पीड़ा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनशीलता की परीक्षा भी है। यदि महिला के आरोप सही हैं तो यह बेहद गंभीर लापरवाही का मामला है। सवाल यह है कि क्या किसी गर्भवती महिला को प्रसव जैसी आपात स्थिति में पति की मौजूदगी की शर्त पर अस्पताल से लौटाया जा सकता है? क्या निजी कंपनी को अस्पताल संचालन की जिम्मेदारी सौंपने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अपनी जवाबदेही से दूरी बना ली है?

अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है या एक बार फिर जांच और क्लीन चिट के बीच मामला दबकर रह जाएगा।