हरिद्वार नगर निगम के पूरे क्षेत्र में लगेगा मीट बिक्री पर प्रतिबंध, उपविधि तैयार

News 129:-हरिद्वार।

धर्मनगरी हरिद्वार में मांस बिक्री पर प्रतिबंध को लेकर नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। अब पूरे नगर निगम क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए नगर निगम ने ‘मांस विक्रय प्रतिबंध उपविधि-2026’ तैयार कर प्रकाशन के लिए भेज दी है।

उपविधि प्रकाशित होते ही ज्वालापुर के वे इलाके भी प्रतिबंध के दायरे में आ जाएंगे, जो अब तक इससे बाहर थे।नगर निगम की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद तैयार की गई उपविधि में नगर निगम की पूरी सीमा में कच्चे मांस की बिक्री, भंडारण और बिक्री के लिए प्रदर्शन पर रोक लगाने का प्रावधान किया गया है। इतना ही नहीं, ऑनलाइन माध्यम, मोबाइल एप और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मांस की डिलीवरी भी प्रतिबंधित रहेगी।

नियम तोड़ने पर लगेगा भारी जुर्मानाउपविधि के तहत पहली बार नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित दुकान या व्यक्ति पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा, जबकि दूसरी बार उल्लंघन पर एक लाख रुपये तक का आर्थिक दंड निर्धारित किया गया है। वहीं, ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर पहली बार एक लाख और दूसरी बार तीन लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

जरूरत पड़ने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील करने के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकेगी।सराय में तैयार हुईं वैकल्पिक दुकानेंमीट कारोबारियों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने सराय में दुकानें बनाकर तैयार कर दी हैं। इन दुकानों के आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

नगर निगम की योजना वर्तमान में संचालित मीट की दुकानों को निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित करने की है।उपविधि के प्रकाशन के बाद हरिद्वार नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में प्रतिबंध लागू करने का रास्ता साफ हो जाएगा। इससे ज्वालापुर के छूटे हुए इलाके भी प्रतिबंध के दायरे में आ जाएंगे।