(News 129:-) पिरान कलियर
कोतवाली पिरान कलियर के प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी का कार्यकाल कई चर्चित पुलिस कार्रवाइयों, बड़े खुलासों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए याद किया जाएगा। अपने कार्यकाल में उन्होंने नशा तस्करों पर शिकंजा कसने से लेकर अपहरण, दुष्कर्म और लंबे समय से उलझे मामलों को अंजाम तक पहुंचाने में पुलिस टीम का नेतृत्व किया। अब उनके स्थानांतरण के बाद उनके कार्यकाल में हुई प्रमुख कार्रवाइयां एक बार फिर चर्चा में हैं।

*दो साल पुरानी अफजाल की मौत की गुत्थी को पहुंचाया अंजाम तक*

उनके कार्यकाल की चर्चित कार्रवाइयों में मुकर्राबपुर निवासी अफजाल की संदिग्ध मौत का मामला भी शामिल रहा। करीब दो साल से हत्या या आत्महत्या के सवाल पर उलझे इस मामले में परिजन लगातार इंसाफ की गुहार लगा रहे थे। तत्कालीन एसओ रविन्द्र कुमार ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को दिशा दी थी। इसके बाद कोतवाली की जिम्मेदारी संभालने वाले इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी ने जांच की कड़ियों को आगे बढ़ाते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी पत्नी के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कराई। खास बात यह रही कि स्थानांतरण से पहले उन्होंने इस चर्चित मामले की कार्रवाई अधूरी नहीं छोड़ी।

*नशा तस्करों पर कार्रवाई, स्मैक और चरस की बरामदगी*
नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए भी उनके नेतृत्व में पुलिस ने कई कार्रवाई कीं। स्मैक, चरस और गांजे के कारोबार में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। करीब एक साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी गांजा तस्कर को गाजियाबाद से गिरफ्तार करना भी महत्वपूर्ण कार्रवाई रही। इसके अलावा स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की बरामदगी कर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।
*नाबालिग बच्चियों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई*
नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना और अपहरण के मामलों में भी पुलिस की कार्रवाई सुर्खियों में रही। दुकान से सामान लेने निकली नाबालिग बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सकुशल बरामद किया। वहीं नाबालिग किशोरी से जुड़े दुष्कर्म और अपहरण के मामलों में आरोपियों की तलाश कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। इन संवेदनशील मामलों में पुलिस ने पीड़ित परिवारों को न्याय की प्रक्रिया में सहयोग दिया।
*बच्चा चोरी और बिछड़े लोगों को परिवार से मिलाने में भी भूमिका*
बच्चा चोरी के चर्चित मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों तक पहुंचाया। वहीं ऑपरेशन स्माइल के तहत दरगाह क्षेत्र में बिछड़े बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने की मुहिम भी जारी रही। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो साल से परिवार से बिछड़े बुजुर्ग को भी उनके परिजनों तक पहुंचाया गया।
*758वें सालाना उर्स को सकुशल संपन्न कराने की बड़ी जिम्मेदारी*
कमल मोहन भंडारी के कार्यकाल में पिरान कलियर स्थित दरगाह हजरत साबिर पाक का 758वां सालाना उर्स भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहा। देश-विदेश से आने वाले जायरीनों की भारी भीड़, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और मेले के विभिन्न स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती के बीच उन्होंने पुलिस टीम के साथ व्यवस्थाओं को संभालने में अहम भूमिका निभाई। भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, वीआईपी पास व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों के बीच उर्स को सकुशल संपन्न कराना उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल रहा।इसके अलावा फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, अपराधियों का सत्यापन और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस लगातार सक्रिय रही।कुल मिलाकर कमल मोहन भंडारी का कलियर कोतवाली में कार्यकाल कई बड़ी पुलिस कार्रवाइयों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के साथ जुड़ा रहा। अब उनके स्थानांतरण के बाद कलियर कोतवाली में नए प्रभारी की तैनाती होगी, लेकिन उनके कार्यकाल के दौरान सामने आए चर्चित खुलासे और कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
*14 साल पुराने विवाद का भी शांतिपूर्ण समाधान कराया*
मेहवड़ कलां गांव में पिछले करीब 14 वर्षों से मूर्ति स्थापना को लेकर चले आ रहे विवाद का भी कमल मोहन भंडारी ने अपने कार्यकाल में शांतिपूर्ण समाधान कराया। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर सहमति बनाई और आपसी सौहार्द के बीच मूर्ति स्थापना कराकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद को समाप्त कराने में अहम भूमिका निभाई।