निर्माणाधीन पुलिया से टकराई बाइक, 30 वर्षीय अज्जू की मौत, साथी विकास घायल

(News129:-)पिरान कलियर।

कलियर-रहमतपुर रोड पर निर्माणाधीन पुलिया के पास बुधवार रात करीब 11:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार दो युवक निर्माणाधीन पुलिया से टकरा गए। हादसे में 30 वर्षीय अज्जू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास घायल हो गया। दोनों लंढौरा, मंगलौर के निवासी बताए गए हैं।हादसे की सूचना मिलते ही कलियर थाने के सब इंस्पेक्टर विनोद गोला मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल विकास को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने मृतक अज्जू के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

उधर, ग्रामीणों ने निर्माणाधीन पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने को लेकर संबंधित विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के पास न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही रात के समय रोशनी की कोई व्यवस्था है। सुरक्षा इंतजामों के अभाव में यहां हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग और लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की है।