एसबीआई के वित्तीय समावेशन शिविर में उमड़े लोग, मौके पर हुई केवाईसी और खुले जनधन खाते

News:-129

पिरान कलियर। हज हाउस सभागार में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की ओर से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों की बैंक खातों से संबंधित केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही निष्क्रिय खातों को दोबारा चालू कराने और नए प्रधानमंत्री जनधन खाते खोलने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में बुजुर्गों, दिव्यांगों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को प्राथमिकता देते हुए विशेष सुविधाएं दी गईं।

शिविर के दौरान बैंक अधिकारियों ने लोगों के दस्तावेजों का सत्यापन कर खातों को अपडेट किया। साथ ही लोगों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।इस अवसर पर आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक हर्ष कुमार गौतम ने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं से वंचित और बैंक शाखाओं तक पहुंचने में असमर्थ लोगों को राहत देने के उद्देश्य से गांवों और कस्बों में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान का मकसद प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना है। उन्होंने लोगों को साइबर धोखाधड़ी के प्रति सचेत करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें।

आरबीआई के उप महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा ने कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों को बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। एसबीआई की महाप्रबंधक शैलश कुमार ने बताया कि बैंक की ओर से लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घर-घर जाकर भी केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।

एसबीआई के उप महाप्रबंधक देहरादून राजीव रंजन ने कहा कि पुराने बैंक खातों की केवाईसी अपडेट कराने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने एसबीआई की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिविर से खासकर बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिली है। इस मौके पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक राजेश कुमार शाह, दिनेश कुमार गुप्ता, अन्नू, निलिमा बिष्ट, देवेंद्र सिंह कुंवर, दीपक नेगी, कासिम खान, नाजिम त्यागी और फरहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।