बौंगला तिराहे पर हथियारों की डील करने पहुंचे थे बदमाश, पुलिस से मुठभेड़ में एक को लगी गोली

News:-129 हरिद्वार

। जनपद में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के खिलाफ बहादराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पांच अवैध पिस्टल .32 बोर, एक तमंचा .315 बोर और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराधियों और अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने पहुंचने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बौंगला तिराहे पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को मौके पर पकड़ लिया, जबकि मुकुल पाल भागकर गन्ने के खेत में घुस गया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की चेतावनी के बावजूद आरोपी ने दोबारा गोली चलाई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल पाल के बाएं पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया।पूछताछ और तलाशी के दौरान मुकुल पाल के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल और मोबाइल फोन तथा भूपेन्द्र के कब्जे से एक .315 बोर तमंचा बरामद हुआ। वहीं विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए 16 नवंबर की रात ग्राम बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान प्रशांत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुठभेड़ में घायल मुकुल पाल के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109(1) और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 तथा अन्य तीन आरोपियों के विरुद्ध आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तारगिरफ्तार आरोपियों में मुकुल पाल निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, मेरठ, भूपेन्द्र निवासी मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार निवासी बहादराबाद तथा प्रशांत कुमार निवासी दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर शामिल हैं।

भारी मात्रा में असलहे और वाहन बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, सात जिंदा कारतूस, एक स्प्लेंडर प्लस और एक बुलेट मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह समेत बहादराबाद कोतवाली पुलिस और सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही।