कलियर तीन माह में ही उखड़ गई सीमेंटेड सड़क, नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

News:-129:-पिरान कलियर।

नगर पंचायत पिरान कलियर में विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार में करीब तीन माह पहले बनाई गई सीमेंटेड सड़क कुछ ही दिनों में टूटकर जर्जर हो गई। सड़क की हालत देखकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उनकी निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इसका जिम्मेदार नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और अधिशासी अधिकारी कुलदीप चौहान की कथित लापरवाही को ठहराया है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया और निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। लोगों का कहना है कि सड़क बनाते समय पांगी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी। यही वजह है कि सड़क कुछ दिन तक ही ठीक रही और इसके बाद जगह-जगह से टूटने लगी। लोगों ने सवाल उठाया कि जब सड़क निर्माण पर सरकारी धन खर्च किया जा रहा है तो उसकी गुणवत्ता की जांच और मौके पर निगरानी आखिर कौन कर रहा है?

सड़क टूटने की समस्या के साथ ही वार्ड नंबर चार में सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह सवालों के घेरे में है। सड़क के आसपास गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई करने नहीं पहुंचते, जिसके चलते जगह-जगह कूड़ा जमा हो रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पंचायत की ओर से समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है।

नगर पंचायत क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और डस्टबिन की व्यवस्था भी बदहाल बताई जा रही है। लोगों के मुताबिक कलियर के अधिकांश इलाकों में स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं, जबकि कई स्थानों पर कूड़ा डालने के लिए डस्टबिन तक उपलब्ध नहीं हैं। इसके चलते सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी के कारण नगर पंचायत क्षेत्र की व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है।

नागरिकों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में बनने वाली सड़कों की गुणवत्ता पर भी कोई विशेष ध्यान नहीं दिया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान अधिशासी अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण नहीं करते। लोगों का कहना है कि यदि अधिकारी समय-समय पर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें और ठेकेदारों की जवाबदेही तय करें तो सरकारी धन से बनने वाली सड़कों की यह दुर्दशा नहीं होगी।

स्थानीय लोगों ने अधिशासी अधिकारी कुलदीप चौहान की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर पंचायत में सफाई, स्ट्रीट लाइट, डस्टबिन और सड़क निर्माण जैसी जरूरी व्यवस्थाएं बदहाल हैं। लोगों ने मांग की है कि वार्ड नंबर चार की टूटी सड़क की गुणवत्ता की जांच कराई जाए, जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई हो और पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हैं या फिर नागरिकों को इसी बदहाली के बीच रहने को मजबूर होना पड़ेगा।