दरगाह साबिर पाक में फर्जी खादिमों का आतंक, जायरीनों से खुलेआम अवैध वसूली का आरोप

नौचंदी जुमेरात से पहले कार्रवाई की मांग, सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फर्जी खादिमों और उन्हें संरक्षण देने वालों को चिह्नित करने की जरूरत*

पिरान कलियर (न्यूज 129)। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत साबिर पाक में दिवाली मेले के दौरान फर्जी खादिमों की कथित अवैध वसूली का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। दरगाह में उमड़ रही जायरीनों की भारी भीड़ के बीच कथित फर्जी खादिमों द्वारा चादर चढ़वाने और दान के नाम पर जायरीनों से खुलेआम पैसे वसूलने के आरोप लग रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि दरगाह प्रबंधन की ओर से सख्त आदेश जारी किए जाने के बावजूद कथित अवैध वसूली पर रोक नहीं लग पा रही है। ऐसे में दरगाह की व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने पूर्व में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि ड्यूटी के दौरान यदि कोई फर्जी खादिम दरगाह परिसर में जायरीनों से चादर चढ़वाने के नाम पर पैसे मांगता या अवैध वसूली करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित ड्यूटी कर्मचारी और पीआरडी जवान की जिम्मेदारी भी तय करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद दरगाह परिसर में कथित फर्जी खादिमों की गतिविधियां जारी रहने से इन आदेशों की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब दरगाह के अंदर पीआरडी जवानों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है तो फिर ऐसे लोगों को जायरीनों से पैसे वसूलने की छूट कैसे मिल रही है? आखिर ड्यूटी पर तैनात जवान उन्हें रोक क्यों नहीं पा रहे हैं? सूत्रों के हवाले से यह आरोप भी सामने आ रहे हैं कि कुछ पीआरडी जवानों की कथित तौर पर फर्जी खादिमों से मिलीभगत है और अवैध वसूली की रकम में हिस्सेदारी की जाती है। हालांकि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।दरगाह प्रबंधन की ओर से परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कार्यालय में एलसीडी के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था भी है।

ऐसे में सवाल उठता है कि जब पूरी गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड हो रही हैं तो अब तक फुटेज के आधार पर संदिग्ध लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? सीसीटीवी रिकॉर्डिंग खंगालकर यह पता लगाया जा सकता है कि कौन लोग जायरीनों से पैसे मांग रहे हैं और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं या नहीं।अब गुरुवार को नौचंदी जुमेरात है। इस मौके पर दरगाह में जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कथित फर्जी खादिम एक बार फिर जायरीनों की आस्था का फायदा उठाकर अवैध वसूली कर सकते हैं। जायरीनों की सुविधा और दरगाह की पाकीजगी बनाए रखने के लिए जरूरी है कि प्रबंधन केवल आदेश जारी करने तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर कार्रवाई भी सुनिश्चित करे।

बड़ा सवाल यह है कि आखिर दरगाह प्रबंधन के सख्त आदेशों के बावजूद फर्जी खादिमों पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही है? क्या संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही है या फिर किसी स्तर पर उन्हें संरक्षण मिल रहा है? अब जरूरत है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कथित फर्जी खादिमों और उनकी मदद करने वालों की पहचान कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। अवैध वसूली में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि दरगाह में आने वाले जायरीनों को इस तरह की कथित लूट से निजात मिल सके।